वाराणसी में रमजान के पाक महीने के आखिरी शुक्रवार यानी अलविदा जुमा की नमाज आज अदा की जाएगी। नमाज के मद्देनजर पूरे शहर में हाई अलर्ट जारी किया गया है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रशासन के निर्देश पर कई मस्जिदों में नमाज दो शिफ्ट में अदा कराई जाएगी ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।
मुफ्ती-ए-बनारस अब्दुल बातिन नोमानी ने बताया कि शहर की करीब 500 मस्जिदों में अकीदत के साथ नमाज अदा की जाएगी और मुल्क की तरक्की व अमन-चैन के लिए दुआएं मांगी जाएंगी। अलविदा की नमाज के दौरान प्रमुख मस्जिदों में बड़ी संख्या में नमाजियों के पहुंचने की संभावना है।
शहर की प्रमुख मस्जिदों जैसे ज्ञानवापी मस्जिद, जामा मस्जिद नदेसर, लाट मस्जिद लाट सरैया और लंगड़े हाफिज मस्जिद में विशेष भीड़ रहने की संभावना है। इसे देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
नमाज के दौरान शहर में सीसीटीवी कैमरों के साथ ड्रोन से भी निगरानी की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नमाज के बाद किसी भी स्थान पर बिना अनुमति भीड़ एकत्र करने की इजाजत नहीं होगी।
रमजान के आखिरी जुमा यानी अलविदा जुमा का इस्लाम में विशेष महत्व माना जाता है। इस मौके पर मस्जिदों में विशेष तैयारियां की गई हैं। नमाजियों के लिए टोपी, चटाई, पानी और साफ-सफाई की व्यवस्था की गई है।
धार्मिक विद्वानों के अनुसार चांद दिखने की स्थिति को लेकर इस बार अलविदा जुमा की तारीख को लेकर भी चर्चा रही। कई उलेमा ने एहतियात के तौर पर 13 मार्च को अलविदा जुमा मानकर नमाज अदा करने की सलाह दी है, जबकि कुछ विद्वानों का मानना है कि अगर 30 रोजे पूरे होते हैं तो 20 मार्च को भी अलविदा जुमा पड़ सकता है। ऐसे में दोनों संभावनाओं पर विचार किया जा रहा है।








Visit Today : 63
Total Visit : 284394
Hits Today : 368
Total Hits : 734629
Who's Online : 2