उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक (SI) भर्ती परीक्षा 14 और 15 मार्च को बरेली में आयोजित की जा रही है। जिले के 19 परीक्षा केंद्रों पर दो दिनों तक चलने वाली इस परीक्षा में कुल 32,640 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं।
परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी, जबकि दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। प्रत्येक पाली में करीब 8,160 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
परीक्षा से पहले प्रशासनिक अधिकारियों ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों और मजिस्ट्रेटों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। अधिकारियों को समय से ड्यूटी स्थल पर पहुंचने और परीक्षा से जुड़े सभी नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
बरेली कॉलेज सहित अन्य केंद्रों पर परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों का कहना है कि इस बार सुरक्षा व्यवस्था काफी सख्त है। केंद्रों के आसपास भारी पुलिस बल तैनात है और अभ्यर्थियों की कई स्तर पर जांच की जा रही है। परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले जूते, मोजे, बेल्ट, घड़ी और अन्य सामान की जांच की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि को रोका जा सके।
परीक्षा की निगरानी के लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत 19 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 19 स्टेटिक मजिस्ट्रेट और 4 रिजर्व मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इसके अलावा जोनल मजिस्ट्रेट भी शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुस्तैद हैं।
हर परीक्षा केंद्र पर कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां से गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। परीक्षा केंद्रों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के जरिए की जा रही है और इसकी लाइव मॉनिटरिंग लखनऊ से भी की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि किसी भी तरह की गड़बड़ी या फर्जीवाड़े की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।








Visit Today : 108
Total Visit : 285724
Hits Today : 595
Total Hits : 742266
Who's Online : 1