Saturday, March 28, 2026

उत्तर प्रदेश

बस्ती में बड़ा एक्शन, महिस इन्फोटेक का ठेका रद्द; नई निविदा के दिए गए आदेश

बस्ती में बड़ा एक्शन, महिस इन्फोटेक का ठेका रद्द; नई निविदा के दिए गए आदेश

बस्ती मंडल के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में आउटसोर्सिंग के जरिए कर्मियों की आपूर्ति से जुड़ी निविदा प्रक्रिया में अनियमितताएं सामने आने के बाद बड़ा कदम उठाया गया है। जांच में फर्जी दस्तावेज पाए जाने पर संयुक्त शिक्षा निदेशक ने महिस इन्फोटेक प्राइवेट लिमिटेड का अनुबंध तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया है।

सूत्रों के अनुसार, जेम पोर्टल के माध्यम से आयोजित इस निविदा में महिस इन्फोटेक का चयन किया गया था, लेकिन पूर्व सेवा प्रदाता एडवेंट इन्फोमैक्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा की गई शिकायत के बाद मामले की जांच कराई गई। आयुक्त, बस्ती मंडल के निर्देश पर गठित जांच समिति ने 19 मार्च 2026 को हुई बैठक में पाया कि कंपनी द्वारा प्रस्तुत दस्तावेज निविदा की शर्तों और सरकारी मानकों के अनुरूप नहीं थे।

जांच रिपोर्ट के आधार पर समिति ने अनुबंध को निरस्त करने की सिफारिश की, जिसे स्वीकार करते हुए आयुक्त कार्यालय ने 23 मार्च 2026 को पूरी निविदा प्रक्रिया को रद्द कर नए सिरे से प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। इसके बाद संयुक्त शिक्षा निदेशक ने भी महिस इन्फोटेक का अनुबंध समाप्त कर दिया।

नए आदेश के तहत अब जेम पोर्टल के माध्यम से फिर से निविदा आमंत्रित की जाएगी, ताकि पारदर्शिता और नियमों के अनुसार चयन प्रक्रिया पूरी हो सके। हालांकि, निर्देश दिए गए हैं कि जब तक नई व्यवस्था लागू नहीं होती, तब तक बस्ती, संतकबीरनगर और सिद्धार्थनगर जिलों के विद्यालयों में कार्यरत आउटसोर्स कर्मियों का मानदेय भुगतान महिस इन्फोटेक के माध्यम से ही किया जाएगा, जिससे शैक्षणिक कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *