Shahjahanpur में अवैध खनन के खिलाफ पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक जेसीबी मशीन और मिट्टी से भरे डंपर को जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस से बचकर भाग रहे खनन माफियाओं ने एक निजी कार को टक्कर मार दी, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।
यह पूरी कार्रवाई रविवार देर रात करीब एक बजे Sindhauli थाना क्षेत्र में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि थाने के पीछे कुछ दूरी पर रात के अंधेरे में अवैध मिट्टी खनन चल रहा है। बताया गया कि जेसीबी मशीन से मिट्टी खोदी जा रही थी और उसे डंपर में भरकर ले जाया जा रहा था।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर खनन में शामिल लोगों में हड़कंप मच गया और वे मौके से भागने लगे। इसी दौरान कुछ लोग कार से फरार होने की कोशिश करने लगे।
भागने की जल्दबाजी में माफियाओं की कार वहां खड़ी एक दूसरी निजी कार से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि खड़ी कार को नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हालांकि कुछ आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, लेकिन पुलिस ने मौके से एक जेसीबी मशीन और मिट्टी से भरे डंपर को कब्जे में ले लिया। साथ ही कार चालक, जेसीबी चालक और डंपर चालक को भी हिरासत में लिया गया है।
पुलिस अब पकड़े गए लोगों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि अवैध खनन के पीछे कौन लोग शामिल हैं और यह काम किसके संरक्षण में चल रहा था।
सिंधौली थाना प्रभारी रविंद्र सिंह ने बताया कि अवैध खनन की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई की गई। मौके से मशीनें और वाहन जब्त किए गए हैं तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।







Visit Today : 14
Total Visit : 270421
Hits Today : 52
Total Hits : 665306
Who's Online : 1