उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। राजधानी लखनऊ में तेज हवाओं, गरज-चमक और भारी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 36 जिलों में बारिश और आंधी-तूफान की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है।
लगातार हो रही बारिश और पहाड़ी क्षेत्रों से आ रहे पानी के कारण कई नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। मथुरा में यमुना नदी उफान पर है, जिससे कुछ घाटों की सीढ़ियां पानी में डूब गई हैं। वहीं बरेली की रामगंगा और बिजनौर की मलान नदी भी खतरे के निशान के करीब पहुंच रही हैं।
प्रयागराज में गंगा और यमुना का जलस्तर बढ़ने से नदी किनारे बनी अस्थायी दुकानों तक पानी पहुंच गया है। कानपुर और वाराणसी में भी गंगा का जलस्तर बढ़ने से घाटों के निचले हिस्से प्रभावित होने लगे हैं। बलिया में सरयू और घाघरा नदी के किनारों पर कटाव तेज हो गया है, जिसके चलते कुछ परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा है।
बीते दिन प्रदेश के करीब 40 शहरों में बारिश दर्ज की गई। अयोध्या में भारी वर्षा के कारण राम मंदिर जाने वाले भक्ति पथ पर जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग के अनुसार, पाकिस्तान की ओर से आने वाली शुष्क हवाओं के प्रभाव से प्रदेश के बड़े हिस्से में वर्षा वाले बादलों की सक्रियता कम हुई थी। हालांकि अब मानसून दोबारा सक्रिय होने के संकेत मिल रहे हैं, जिससे आने वाले दिनों में कई जिलों में अच्छी बारिश की संभावना बनी हुई है।








Visit Today : 40
Total Visit : 275484
Hits Today : 106
Total Hits : 685439
Who's Online : 2