नेपाल में अचानक आई भीषण बाढ़ ने कई इलाकों में भारी तबाही मचा दी है। इस मुश्किल घड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह से फोन पर बातचीत की। उन्होंने बाढ़ के कारण हुई जनहानि और नुकसान पर दुख जताते हुए नेपाल को हर संभव मानवीय और राहत सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि संकट की इस घड़ी में भारत के लोग नेपाल के नागरिकों के साथ खड़े हैं। उन्होंने यह भी बताया कि दोनों देशों की टीमें राहत और बचाव कार्यों में सहयोग के लिए मिलकर काम कर रही हैं।
नेपाल में फंसे भारतीयों की मदद के लिए सक्रिय दूतावास
आपदा के बाद नेपाल स्थित भारतीय दूतावास भी लगातार सक्रिय है। जानकारी के मुताबिक, नेपाल में बाढ़ से प्रभावित भारतीय नागरिकों को जल्द से जल्द सुरक्षित निकालने और जरूरी सहायता उपलब्ध कराने के लिए दूतावास नेपाल सरकार के संबंधित अधिकारियों के संपर्क में है।
तिब्बत की सीमा से सटे नेपाल के रसुवा जिले में बुधवार को भोटे कोशी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने के बाद बाढ़ आ गई। इस प्राकृतिक आपदा में बड़े पैमाने पर लोग प्रभावित हुए हैं। रिपोर्टों के मुताबिक करीब 400 लोग लापता बताए जा रहे हैं, जिनमें 105 भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। हादसे में कम से कम 16 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।
हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट्स को भी भारी नुकसान
सुबह करीब 9 बजे भोटे कोशी नदी में अचानक आई बाढ़ के बाद नदी के आसपास के क्षेत्रों में अफरा-तफरी मच गई। तेज बहाव के कारण घरों, वाहनों और अन्य संपत्तियों को नुकसान पहुंचा है।
बाढ़ के कई वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें पानी का तेज बहाव दिखाई दे रहा है। जानकारी के अनुसार नदी के आसपास मौजूद कम से कम एक दर्जन हाइड्रो पावर परियोजनाएं भी प्रभावित हुई हैं।
भारतीय दूतावास ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
नेपाल में मौजूद भारतीय नागरिकों और उनके परिवारों की सहायता के लिए भारतीय दूतावास ने आपातकालीन संपर्क नंबर जारी किए हैं। किसी प्रभावित व्यक्ति या उसके परिजन को मदद या जानकारी की जरूरत होने पर इन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है:
+977 985 131 6807
+977 970 910 7500
इन दोनों नंबरों पर WhatsApp के जरिए भी संपर्क करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
बिहार और यूपी के सीमावर्ती इलाकों में अलर्ट
नेपाल में बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए बिहार और उत्तर प्रदेश के नेपाल से सटे सीमावर्ती जिलों में भी प्रशासन को सतर्क किया गया है। स्थिति को देखते हुए निगरानी बढ़ा दी गई है।
वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से फोन पर बातचीत कर बाढ़ की स्थिति की जानकारी ली। दोनों देशों के सीमावर्ती इलाकों में हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।








Visit Today : 40
Total Visit : 280194
Hits Today : 183
Total Hits : 716236
Who's Online : 9