चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पिछले पांच दिनों से गड़बड़ाया विमानों का संचालन अब भी पूरी तरह पटरी पर नहीं आया है। मंगलवार को आने और यहां से जाने वाली 15 फ्लाइटें निरस्त हुईं और आठ देरी से उड़ीं। इसके चलते करीब 5,400 यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी। उड़ान निरस्त होने और देरी के चलते 190 यात्रियों ने अपने टिकट भी निरस्त कराए। हालांकि, यात्रियों को कुछ राहत रही, क्योंकि कई फ्लाइटें समय पर गईं। इंडिगो के काउंटर पर अफरातफरी भी कम रही।
मंगलवार को जो फ्लाइटें निरस्त रही हैं, उनमें दिल्ली, बंगलूरू, मुंबई, कोलकाता, अहमदाबाद और हैदराबाद की फ्लाइटें शामिल हैं। इन फ्लाइटों के निरस्त होने की जानकारी यात्रियों को समय पर नहीं मिल सकी। ऐसे में यात्री इधर-उधर काउंटर पर भटकते रहे। सीतापुर से आए अतुल सिंह ने बताया कि उन्हें रात 10:45 बजे बेंगलूरू जाने वाली इंडिगो की उड़ान से जाना था, मगर यहां पहुंचने पर बताया गया कि फ्लाइट निरस्त कर दी गई है। अब इंडिगो वाले कह रहे हैं कि बुधवार को फ्लाइट मिलेगी।
इसी तरह अयोध्या निवासी विवेक ने बताया कि शाम 7:20 बजे दिल्ली जाने वाली उनकी इंडिगो की उड़ान निरस्त हो गई। अब इंडिगो कर्मचारी कह रहे हैं कि बुधवार को भेज देंगे। मोहम्मद नदीम ने भी बताया कि उन्हें मुंबई और वहां से बहरीन जाना था, लेकिन एयरपोर्ट पर पहुंचने पर पता चला कि शाम 7:40 बजे मुंबई जाने वाली फ्लाइट निरस्त हो गई है। अब उन्हें बुधवार को भेजेंगे। ऐसे में रात भर लखनऊ में रुकना पड़ेगा।
source Agency News







Visit Today : 104
Total Visit : 285720
Hits Today : 508
Total Hits : 742179
Who's Online : 2