उत्तर भारत में जारी खराब मौसम और घने कोहरे का असर अब हवाई यातायात पर भी साफ नजर आने लगा है। लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से संचालित कई घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शनिवार को अपने निर्धारित समय पर रवाना नहीं हो सकीं। कम दृश्यता और मौसम संबंधी बाधाओं के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
गुवाहाटी और आइजोल की उड़ानें देरी से रवाना
गुवाहाटी और आइजोल के लिए जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E 146 सुबह 7:55 बजे उड़ान भरने वाली थी, लेकिन घने कोहरे के कारण यह विमान करीब 1 घंटे 15 मिनट की देरी से सुबह 9:10 बजे रवाना हो सका।
रियाद जाने वाली फ्लाइट सबसे ज्यादा लेट
खराब मौसम का सबसे अधिक असर रियाद के लिए रवाना होने वाली फ्लाइट XY 334 पर पड़ा। यह विमान सुबह 10 बजे की बजाय दोपहर 12:50 बजे उड़ान भर सका। कम विजिबिलिटी के कारण इस फ्लाइट में लगभग 2 घंटे 50 मिनट की देरी दर्ज की गई।
रांची और पटना सेक्टर भी प्रभावित
रांची और पटना जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E 6902 अपने निर्धारित समय 10:30 बजे के बजाय 10:45 बजे रवाना हुई। मौसम खराब होने की वजह से इस उड़ान में करीब 15 मिनट की देरी हुई।
मस्कट और बेंगलुरु की उड़ानें रद्द
घने कोहरे और परिचालन संबंधी कारणों के चलते मस्कट जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX 149 को रद्द कर दिया गया। वहीं बेंगलुरु के लिए उड़ान भरने वाली अकासा एयर की फ्लाइट QP 1401 भी मौसम की खराब स्थिति के कारण निरस्त रही।







Visit Today : 106
Total Visit : 285722
Hits Today : 539
Total Hits : 742210
Who's Online : 2