फर्रुखाबाद में शनिवार को रोडवेज बस स्टैंड परिसर में महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बताया कि सुबह 8 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक शहर के कई मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू रहेगा।
यात्रियों के लिए बदला गया बस संचालन
कार्यक्रम के चलते रोडवेज बस स्टैंड से बसों का संचालन अस्थायी रूप से क्रिश्चियन ग्राउंड से किया जाएगा। यह व्यवस्था कार्यक्रम खत्म होने तक जारी रहेगी ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
इन मार्गों पर रहेगा डायवर्जन
लाल गेट से आवास विकास की ओर जाने वाले ई-रिक्शा, ऑटो और अन्य बड़े वाहन सीधे नहीं जा सकेंगे। इन वाहनों को कादरी गेट होकर अपने गंतव्य तक पहुंचना होगा। इसी तरह आवास विकास से लाल गेट की तरफ आने वाले वाहनों को भी कादरी गेट मार्ग का इस्तेमाल करना पड़ेगा।
पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि लोग असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
मंत्री करेंगे प्रतिमा का अनावरण
कार्यक्रम में जिले के प्रभारी एवं पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह और परिवहन राज्य मंत्री दयाशंकर सिंह शामिल होंगे। दोनों नेता संयुक्त रूप से महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण करेंगे।
अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह राठौड़ के अनुसार, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह सुबह करीब 10:30 बजे कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे।
कार्यक्रम स्थल पर देर रात तक चली तैयारियां
कार्यक्रम को लेकर पिछले दो दिनों से बस स्टैंड परिसर में साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं का काम जारी था। मूर्ति के सामने जलभराव की समस्या से बचने के लिए सीमेंटेड ईंटें भी बिछाई गईं।
आयोजकों के मुताबिक, कार्यक्रम में करीब 2000 लोगों के शामिल होने की संभावना है। इसके लिए 30 फीट लंबा मंच तैयार किया गया है। साथ ही दर्शकों के बैठने के लिए बड़ी संख्या में कुर्सियां और विशेष दीर्घा की व्यवस्था की गई है। टेंट और पंडाल का काम भी पूरा कर लिया गया है।







Visit Today : 109
Total Visit : 285725
Hits Today : 620
Total Hits : 742291
Who's Online : 4