Saturday, May 16, 2026

उत्तर प्रदेश

गोंडा में कई थानों और चौकियों पर बदले गए दरोगा, नई तैनाती सूची जारी

गोंडा में कई थानों और चौकियों पर बदले गए दरोगा, नई तैनाती सूची जारी

गोंडा जिले में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर फेरबदल किया गया है। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने 14 उपनिरीक्षकों के तबादले करते हुए नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इस बदलाव का उद्देश्य जिले में अपराध नियंत्रण और पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना बताया जा रहा है।

नई नियुक्तियों के तहत उपनिरीक्षक मनीष कुमार को एसओजी और सर्विलांस सेल गोंडा का प्रभारी बनाया गया है। उनका पहले प्रस्तावित स्थानांतरण इटियाथोक थाने में किया गया था, जिसे तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया। वहीं राहुल मौर्य को कोतवाली नगर क्षेत्र की सोनी गुमटी चौकी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके अलावा अमित कुमार सिंह को परसपुर से नवाबगंज, अवधेश कुमार पाल को वजीरगंज, राजेंद्र कनौजिया को कटरा बाजार, अंकित कुमार यादव को कौड़िया, मोहम्मद गुफरान को इटियाथोक, दीनबंधु राय को कर्नलगंज, चुन्नू अहमद को उमरीबेगमगंज और राजेश पांडेय को इटियाथोक थाना भेजा गया है।

महिला उपनिरीक्षक आरती वर्मा और प्रमोद कुमार मिश्रा को न्यायालय सुरक्षा ड्यूटी में लगाया गया है। वहीं अखिलेश कुमार मौर्य को कर्नलगंज तथा गुलाब चंद्र यादव को मॉनिटरिंग सेल में नई जिम्मेदारी दी गई है।

बताया जा रहा है कि एसओजी और सर्विलांस प्रभारी का पद पिछले कई दिनों से खाली था। मनीष कुमार को जिले में सक्रिय और तेज कार्यशैली वाले अधिकारी के रूप में देखा जाता है। वे पहले भी कई महत्वपूर्ण चौकियों और थानों में जिम्मेदारी निभा चुके हैं।

पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। साथ ही चेतावनी दी गई है कि ड्यूटी में किसी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *