मेरठ में यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा का आज अंतिम दिन है। परीक्षा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने पूरे जिले में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं और हर स्तर पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
इस परीक्षा के लिए जिले में कुल 48 केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें करीब 44,032 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। बड़ी संख्या में परीक्षार्थी मंगलवार देर रात से ही अपने-अपने परीक्षा केंद्रों के आसपास पहुंचने लगे थे। दूर से आने वाले कई अभ्यर्थियों ने समय से पहले ही केंद्रों के पास पहुंचकर अपनी व्यवस्था कर ली है।
सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी जांच व्यवस्था लागू की गई है। प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सख्ती से तलाशी ली जा रही है और किसी भी अनधिकृत व्यक्ति को केंद्र परिसर या उसके आसपास जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। सुरक्षा कारणों से सभी केंद्रों के 50 मीटर के दायरे को प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित किया गया है।
शहर में 37 और देहात में 11 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो।
इसके साथ ही खुफिया एजेंसियां भी पूरी तरह सक्रिय हैं और स्थानीय स्तर पर मिलने वाली हर सूचना पर नजर रखी जा रही है। प्रशासन का पूरा ध्यान परीक्षा को निष्पक्ष और नकल-मुक्त तरीके से संपन्न कराने पर है।
आखिरी दिन होने के कारण यातायात व्यवस्था प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। इसे देखते हुए प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल और ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की गई है ताकि जाम की स्थिति को रोका जा सके और यातायात सुचारू रूप से चलता रहे।








Visit Today : 18
Total Visit : 284349
Hits Today : 96
Total Hits : 734357
Who's Online : 3