प्रयागराज। जिलाधिकारी मनीष वर्मा ने जिले में चल रही प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा की। उन्होंने पाया कि जनपद को आवंटित लक्ष्य के सापेक्ष परिपक्व आवेदनों की संख्या अत्यंत कम है तथा प्रगति संतोषजनक नहीं है। सोलर योजना के लगभग 4000 बैंक लोन का आवंटन लंबित है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को माह के अंत तक सभी लंबित ऋण का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अग्रणी जिला प्रबंधक एवं सभी जिला समन्वयकों को निर्देशित किया कि लंबित प्रकरणों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार किया जाए। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद के ऐसे कम से कम 30 ग्रामों का चयन किया जाए जिन्हें प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के अंतर्गत 100 प्रतिशत सौर रूफटॉप युक्त ग्राम के रूप में विकसित किया जा सके।
मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह ने विद्युत वितरण निगम के समस्त संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्मार्ट मीटरयुक्त उपभोक्ताओं की अद्यतन सूची दो दिवस के भीतर परियोजना अधिकारी, यूपीनेडा को उपलब्ध कराई जाए।
यह भी निर्णय लिया गया कि प्राप्त स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं की सूची को जनपद के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले वेंडर्स के साथ साझा किया जाएगा, ताकि उन्हें प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के अंतर्गत संभावित लाभार्थियों में परिवर्तित कर स्थापना कार्य में तेजी लाई जा सके।
इस दौरान यूपीनेडा परियोजना अधिकारी कोमल द्विवेदी, राज्य समन्वयक एसडी दुबे, प्रयागराज जिला समन्वयक दिनेश कुमार, जिले के समस्त खंड विकास अधिकारी एवं सहायक विकास अधिकारी तथा सोलर वेंडर्स उपस्थित रहे।






Visit Today : 13
Total Visit : 284344
Hits Today : 49
Total Hits : 734310
Who's Online : 1