भारतीय क्रिकेट टीम अगस्त 2026 में दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए श्रीलंका का दौरा करेगी। श्रीलंका क्रिकेट ने इस दौरे के कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। यह सीरीज आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025–2027 का हिस्सा होगी और लगभग नौ साल बाद भारतीय टीम श्रीलंका की सरजमीं पर टेस्ट सीरीज खेलती नजर आएगी।
सीरीज का पहला टेस्ट मुकाबला 15 से 19 अगस्त तक गाले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा और अंतिम टेस्ट 23 से 27 अगस्त के बीच कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर आयोजित होगा।
श्रीलंका में भारत के टेस्ट प्रदर्शन की बात करें तो दोनों टीमों के बीच वहां अब तक 24 टेस्ट मैच खेले जा चुके हैं। इनमें भारत ने 9 मुकाबलों में जीत दर्ज की है, जबकि श्रीलंका को 7 मैचों में सफलता मिली है। आठ मुकाबले ड्रॉ रहे हैं। उल्लेखनीय है कि श्रीलंका में खेले गए पिछले पांच टेस्ट मैचों में भारतीय टीम लगातार विजयी रही है। वर्ष 2017 के दौरे पर विराट कोहली की कप्तानी में भारत ने 3-0 से सीरीज अपने नाम की थी।
भारतीय टीम अब तक श्रीलंका में कुल आठ टेस्ट सीरीज खेल चुकी है। इनमें 1993, 2015 और 2017 में भारत ने सीरीज जीती, जबकि 1985, 2001 और 2008 में उसे हार का सामना करना पड़ा। वर्ष 1997 और 2010 की टेस्ट सीरीज बराबरी पर समाप्त हुई थीं।
यह सीरीज विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से दोनों टीमों के लिए काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। मौजूदा डब्ल्यूटीसी चक्र में शुभमन गिल की कप्तानी वाली भारतीय टीम नौ मैचों के बाद 48.15 प्रतिशत अंक के साथ अंकतालिका में पांचवें स्थान पर है, जबकि श्रीलंका 44.44 प्रतिशत अंकों के साथ छठे स्थान पर मौजूद है। ऐसे में दोनों टीमें इस सीरीज में बेहतर प्रदर्शन कर अंकतालिका में अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश करेंगी।









Visit Today : 57
Total Visit : 279813
Hits Today : 520
Total Hits : 714956
Who's Online : 4