गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को गोरखपुर दौरे पर जिले को करीब 995 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इस दौरान वह 813.52 करोड़ रुपये की लागत से तैयार चार परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, जबकि 181.77 करोड़ रुपये की 10 नई योजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। कार्यक्रम का आयोजन देवरिया बाईपास स्थित नए सिक्सलेन फ्लाईओवर के पास किया जाएगा, जहां मुख्यमंत्री जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
इस दौरे की सबसे बड़ी उपलब्धि गोरखपुर का पहला 2.6 किलोमीटर लंबा सिक्सलेन फ्लाईओवर है, जिसे टीपीनगर से पैडलेगंज मार्ग पर बनाया गया है। यह फ्लाईओवर देवरिया बाईपास से भी जुड़ा है और इसके शुरू होने से शहर के भीतर ट्रैफिक का दबाव कम होने के साथ-साथ लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, आजमगढ़, कुशीनगर, देवरिया, महराजगंज, बिहार और नेपाल की ओर जाने वाले यात्रियों को तेज और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री पैडलेगंज चौराहे से फिराक गोरखपुरी चौराहे तक फोरलेन सड़क चौड़ीकरण परियोजना का भी उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा एयरफोर्स स्टेशन परिसर में स्थित एमईएस कार्यालय को नई जगह स्थानांतरित करने का कार्य और थाना गुलरिहा में पुलिस कर्मियों के लिए हॉस्टल, बैरक तथा विवेचना कक्ष का निर्माण भी जनता को समर्पित किया जाएगा। एयरपोर्ट टर्मिनल विस्तार योजना के तहत एमईएस कार्यालय को दूसरी जगह शिफ्ट किया गया है।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री 10 नई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इनमें महिला श्रमिकों के लिए आधुनिक छात्रावास, राजकीय महिला पॉलिटेक्निक में टाटा टेक्नोलॉजी लिमिटेड के सहयोग से सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, विश्वविद्यालय चौक के पास साइंस म्यूजियम, नंदानगर पुलिस चौकी से शमशेर गेट तक अंडरपास और सर्विस रोड का निर्माण प्रमुख हैं। इसके अलावा राप्तीनगर स्थित परिवहन निगम की कार्यशाला में टायर शॉप का आधुनिकीकरण और शहर के विभिन्न वार्डों में सीसी रोड एवं नाली निर्माण कार्य भी शुरू किए जाएंगे।
इन परियोजनाओं के पूरा होने से गोरखपुर में सड़क संपर्क और यातायात व्यवस्था बेहतर होगी। साथ ही शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, पुलिस व्यवस्था और शहरी बुनियादी सुविधाओं को भी नई मजबूती मिलेगी। सरकार का कहना है कि इन विकास कार्यों से शहर के समग्र विकास को गति मिलेगी और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।







Visit Today : 26
Total Visit : 276063
Hits Today : 46
Total Hits : 688112
Who's Online : 2