गणतंत्र दिवस के अवसर पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए हरदोई पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आई। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के नेतृत्व में रविवार रात जिलेभर में व्यापक स्तर पर चेकिंग अभियान और पैदल गश्त की गई। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम रखना और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखना रहा।
पुलिस अधीक्षक भारी पुलिस बल के साथ शहर कोतवाली क्षेत्र के प्रमुख बाजारों, भीड़-भाड़ वाले इलाकों और रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुबोध गौतम, नगर क्षेत्राधिकारी अंकित मिश्रा और शहर कोतवाल संजय त्यागी भी मौजूद रहे। पुलिस टीम ने संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ली और रेलवे स्टेशन परिसर में विशेष निगरानी रखी।
शहर के अलावा जिले के अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई। पिहानी क्षेत्र में क्षेत्राधिकारी अजीत सिंह चौहान ने रेलवे स्टेशन, होटलों और ढाबों की गहन जांच कराई। वहीं कछौना क्षेत्र में क्षेत्राधिकारी प्रवीण कुमार ने बैरियरों और सार्वजनिक स्थलों पर संदिग्ध लोगों की तलाशी ली। माधोगंज थाना पुलिस ने भी होटलों और सरायों में चेकिंग अभियान चलाया।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, वस्तु या व्यक्ति की सूचना मिलने पर तत्काल और सख्त कार्रवाई की जाए। जिले की सीमाओं पर बने बैरियरों पर आने-जाने वाले सभी वाहनों की सघन जांच की जा रही है, ताकि गणतंत्र दिवस के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।








Visit Today : 107
Total Visit : 285723
Hits Today : 572
Total Hits : 742243
Who's Online : 1