Thursday, August 06, 2026

उत्तर प्रदेश

Sahjanwa News: अटेवा सम्मेलन में गरजा पुरानी पेंशन का मुद्दा, आंदोलन तेज करने का आह्वान

Sahjanwa News: अटेवा सम्मेलन में गरजा पुरानी पेंशन का मुद्दा, आंदोलन तेज करने का आह्वान

Sahjanwa News: गोरखपुर जिले के सहजनवा में ऑल टीचर्स एंड एम्प्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन (अटेवा) का ब्लॉक स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने, टीईटी से जुड़े विषयों और सरकारी संस्थानों के निजीकरण के विरोध में संगठन के आंदोलन को और मजबूती देने पर जोर दिया गया।

सहजनवा स्थित मुरारी इंटर कॉलेज में हुए कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक अध्यक्ष यादवेन्द्र यादव ने की। कॉलेज के प्रधानाचार्य मेजर साकेत कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं अटेवा के जिला अध्यक्ष सुनील कुमार दुबे और जिला महामंत्री ज्ञान प्रकाश सिंह विशिष्ट अतिथि रहे। कार्यक्रम का संचालन ब्लॉक संरक्षक दिग्विजय सिंह ने किया।

पुरानी पेंशन को सामाजिक सुरक्षा से जोड़ा

मुख्य अतिथि मेजर साकेत ने कहा कि पुरानी पेंशन की बहाली केवल कर्मचारियों की आर्थिक मांग नहीं है, बल्कि सेवानिवृत्ति के बाद उनके सुरक्षित भविष्य और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ा विषय है।

उन्होंने पेंशन से वंचित कर्मचारियों और शिक्षकों से संगठन के साथ एकजुट होकर आंदोलन को मजबूत करने की अपील की।

अटेवा ने बताई आगामी आंदोलन की रणनीति

जिला अध्यक्ष सुनील कुमार दुबे और जिला महामंत्री ज्ञान प्रकाश सिंह ने कहा कि अटेवा पुरानी पेंशन बहाली के साथ टीईटी से संबंधित मुद्दों और सरकारी संस्थानों के निजीकरण के विरोध में लगातार आवाज उठा रहा है।

पदाधिकारियों के मुताबिक संगठन की पहुंच बढ़ाने के लिए 15 जुलाई से 15 अगस्त 2026 तक सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक शिक्षकों और कर्मचारियों को संगठन से जोड़ना है।

21 अगस्त को जिला मुख्यालय पर तिरंगा यात्रा

सम्मेलन में आगामी कार्यक्रमों की जानकारी भी दी गई। संगठन के अनुसार 21 अगस्त 2026 को जिला मुख्यालय पर तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद जिलाधिकारी को विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपने की योजना है।

महिला मोर्चा की अध्यक्ष पूनम रानी ने कहा कि तिरंगा यात्रा में सहजनवा ब्लॉक से बड़ी संख्या में शिक्षक और कर्मचारी भाग लेंगे।

लखनऊ में 25 सितंबर को प्रस्तावित विशाल रैली

अटेवा की ओर से 25 सितंबर 2026 को लखनऊ में बड़ी रैली आयोजित करने की भी घोषणा की गई। पदाधिकारियों ने कर्मचारियों से इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अभी से तैयारी शुरू करने का आह्वान किया।

जिला उपाध्यक्ष राजकुमार ने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों के बुढ़ापे की आर्थिक सुरक्षा का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा कि मांग पूरी होने तक संगठन का संघर्ष जारी रहेगा।

सम्मेलन में बड़ी संख्या में शिक्षक-कर्मचारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला उपाध्यक्ष घनश्याम मिश्रा के अलावा डॉ. सत्यवीर सिंह, रत्नेश कुमार वर्मा, ऋतुराज मिश्रा, विमल कुमार मौर्य, दिलीप त्रिपाठी, पुरुषोत्तम कुमार, वैभव कुमार मिश्रा, प्रमोद कुमार, विक्रम, बृजेश कुमार यादव, कमल भास्कर समेत कई शिक्षक और कर्मचारी शामिल हुए।

महिला प्रतिनिधियों में आसमा खातून, सुनीता त्रिपाठी, वंदना सिंह, रूपा जायसवाल, सुधा सिंह, अनिता दुबे, दिव्या त्रिपाठी, प्रियंका त्रिपाठी, अर्चना गुप्ता, तुलिका त्रिपाठी, सीमा सिंह, चंद्रकांता, अर्पणा दत्त, अंजली सिंह और सीमा राय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

सम्मेलन में विभिन्न विभागों से आए बड़ी संख्या में शिक्षकों और कर्मचारियों ने संगठन की आगामी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *