Tuesday, September 08, 2026

उत्तर प्रदेश

गोरखपुर-एलटीटी एक्सप्रेस में चूहों ने मचाया उत्पात, खाना कुतरने की शिकायत के बाद ट्रेन में चला पेस्ट कंट्रोल अभियान

गोरखपुर-एलटीटी एक्सप्रेस में चूहों ने मचाया उत्पात, खाना कुतरने की शिकायत के बाद ट्रेन में चला पेस्ट कंट्रोल अभियान

लखनऊ। ट्रेनों में साफ-सफाई और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के रेलवे के दावों के बीच गोरखपुर-एलटीटी एक्सप्रेस से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। ट्रेन की एसी बोगी में एक यात्री के बर्थ पर रखा खाने का पैकेट चूहों ने कुतर दिया। यात्री ने मामले की शिकायत सोशल मीडिया के जरिए रेलवे से की, जिसके बाद रेलवे ने पेस्ट कंट्रोल टीम को ट्रेन में भेजकर कार्रवाई शुरू कराई।

एसी कोच में बर्थ पर रखा खाना कुतर गए चूहे

यह मामला ट्रेन संख्या 15018 गोरखपुर-एलटीटी एक्सप्रेस के थर्ड एसी कोच बी-1 का है। सीट नंबर 70 पर सफर कर रहे यात्री अनूप सिंह ने बताया कि उन्होंने अपना खाना पॉलिथीन में पैक करके बर्थ पर रखा था। कुछ समय बाद चूहों ने पैकेट को कुतर दिया।

यात्री ने रेलवे प्रशासन को मामले की जानकारी देते हुए ट्रेन में चूहों की समस्या से तत्काल निजात दिलाने की मांग की। उन्होंने हाउसकीपिंग और पेस्ट कंट्रोल टीम भेजने की भी अपील की।

शिकायत सामने आने के बाद पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के डीआरएम गौरव अग्रवाल ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को मामले की जानकारी दी। यात्री को समस्या का समाधान कराने का भरोसा दिया गया। इसके बाद पेस्ट कंट्रोल टीम को ट्रेन में भेजकर कार्रवाई की गई।

उसी ट्रेन में गंदे शौचालय की भी शिकायत

गोरखपुर-एलटीटी एक्सप्रेस में सिर्फ चूहों की शिकायत ही सामने नहीं आई। इसी ट्रेन के स्लीपर कोच एस-2 में सफर कर रहे यात्री सचिन जोशी ने शौचालय की सफाई को लेकर शिकायत की।

उन्होंने ट्रेन के टॉयलेट की खराब स्थिति की जानकारी रेलवे को दी। लगातार सामने आई इन शिकायतों ने ट्रेन में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर यात्रियों की नाराजगी को उजागर किया है।

एक महीने में रेलवे को मिली 745 शिकायतें

ट्रेनों में यात्रियों को होने वाली परेशानियों का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पिछले एक महीने के दौरान रेलवे को सुविधाओं से जुड़ी 745 शिकायतें मिली हैं।

इनमें सबसे ज्यादा शिकायतें साफ-सफाई और पेयजल से संबंधित रही हैं। करीब 220 शिकायतें गंदगी और पानी से जुड़ी थीं। इसके अलावा 158 शिकायतें खानपान121 ट्रेन की देरी और 59 शिकायतें एसी की कूलिंग से संबंधित दर्ज की गईं।

आरक्षित कोचों में बिना आरक्षण यात्रा करने वाले यात्रियों को लेकर भी शिकायतें सामने आई हैं। यात्रियों का कहना है कि इससे रिजर्वेशन कराने वाले लोगों को काफी परेशानी होती है।

तेजस और लखनऊ मेल जैसी ट्रेनों में भी शिकायतें

यात्रियों की समस्याएं किसी एक ट्रेन तक सीमित नहीं हैं। तेजस एक्सप्रेस और लखनऊ मेल जैसी प्रमुख ट्रेनों में भी समय-समय पर खानपान, स्वच्छता, एसी की समस्या और आरक्षित डिब्बों में अनधिकृत यात्रियों के प्रवेश से जुड़ी शिकायतें सामने आती रही हैं।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि प्राप्त शिकायतों में अधिकांश का निर्धारित समयसीमा के भीतर समाधान किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक यात्रियों की शिकायतों पर संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए जाते हैं।

यात्री संगठन ने रेलवे के दावे पर उठाए सवाल

हालांकि दैनिक यात्री एसोसिएशन के अध्यक्ष एसएस उप्पल ने रेलवे के समयबद्ध शिकायत निस्तारण के दावे पर सवाल उठाया है। उनका कहना है कि यात्रियों की कई शिकायतों का समाधान निर्धारित समय में नहीं हो पाता।

उनके मुताबिक कई बार दिल्ली से ट्रेन में दर्ज की गई शिकायत का समाधान ट्रेन के लखनऊ पहुंचने तक भी नहीं हो पाता। ऐसे में यात्रियों को पूरी यात्रा के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ता है।

गोरखपुर-एलटीटी एक्सप्रेस में चूहे द्वारा यात्री का खाना कुतरने की घटना के बाद एक बार फिर ट्रेनों में स्वच्छता और पेस्ट कंट्रोल व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *