
- सीएम योगी ने की पीएम मोदी के मथुरा (Mathura) दौरे की तैयारियों का लिया जायजा
- 23 नवंबर को ब्रजरज उत्सव में शामिल होने मथुरा आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
मथुरा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को लेकर यहां हो रही तैयारियों की समीक्षा करने रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) एक दिवसीय दौरे पर वृंदावन पहुंचे। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं व सुरक्षा संबंधित तैयारियों का जायजा लिया। सीएम योगी ने यहां बांके बिहारी मंदिर (Banke Bihari Temple) में पहुंचकर विधि-विधान से दर्शन पूजन किया और प्रदेशवासियों के लिए मंगल कामना की। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने प्राचीन मदन गोपाल मंदिर में भी दर्शन-पूजन किया।
मुख्यमंत्री यहां से धोली प्याऊ के रेलवे मैदान पर चल रहे ब्रजरज उत्सव मेले में पहुंचे। यहां उनका स्वागत सांसद हेमा मालिनी, उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्रा, कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, मथुरा के प्रभारी मंत्री संदीप सिंह और पूर्व सांसद तेजवीर सिंह आदि द्वारा किया गया। मुख्यमंत्री ने समूचे मैदान में भ्रमण कर व्यवस्थाओं को परखा। मैदान में भ्रमण दौरान जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह ने योगी को 23 नवम्बर को प्रधानमंत्री के आगमन पर की जा रही तैयारियों के बारे में बताया। वहीं उत्तर प्रदेश बृज तीर्थ विकास परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी नगेंद्र प्रताप ने उन्हें बुकलेट के माध्यम से प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के लिए की गई व्यवस्थाओं की संक्षिप्त जानकारी दी। सीएम योगी इसके पश्चात ब्रज तीर्थ विकास परिषद कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने अधिकारियों के साथ प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में बैठक की और कई दिशा-निर्देश दिये। इस दौरान प्रदेश के प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद भी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 23 नवंबर को ब्रजरज उत्सव में शामिल होने वृंदावन आ रहे हैं। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद और पर्यटन विभाग की ओर से रेलवे मैदान पर 14 से 27 नवंबर तक ब्रजरज उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत संत मीराबाई का जन्मोत्सव भी मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री के दौरे के दिन सांसद हेमा मालिनी भक्त मीराबाई पर अपनी प्रस्तुति देंगी। यह कार्यक्रम करीब डेढ़ घंटे का रहेगा। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मीराबाई पर पांच मिनट की डॉक्यूमेंट्री भी देखेंगे।
Source Agency News








Visit Today : 137
Total Visit : 284329
Hits Today : 480
Total Hits : 734235
Who's Online : 1