
File Photo : PTI
लखनऊ: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा वर्चुअल माध्यम से भारतीय रेलवे की 85 हजार करोड़ रुपए की विभिन्न परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास के लिये मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आभार जताया। योगी आदित्यनाथ भी लखनऊ में अपने सरकारी आवास से वर्चुअल माध्यम से इस कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।
मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश में तीन नई वंदे भारत ट्रेन शुरू करने के साथ ही लखनऊ-गोरखपुर वंदे भारत ट्रेन को प्रयागराज तक विस्तार देने के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया।
एक सरकारी बयान के मुताबिक प्रधानमंत्री ने देश में 10 नई वंदे भारत ट्रेन की शुरुआत की है। उनमें लखनऊ-देहरादून, पटना-लखनऊ और रांची-वाराणसी वंदे भारत ट्रेन भी शामिल हैं। साथ ही, गोरखपुर-लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस का विस्तार प्रयागराज तक किया गया है। योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर प्रधानमंत्री का आभार जताते हुए लिखा कि आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा आज राष्ट्र के विकास को रफ्तार देतीं 85 हजार करोड़ रुपए से अधिक लागत की विभिन्न रेल परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में मैंने लखनऊ से वर्चुअल माध्यम से हिस्सा लिया।
उन्होंने कहा कि इस अवसर पर प्रधानमंत्री जी ने पटना-लखनऊ, लखनऊ-देहरादून, रांची-वाराणसी सहित देश के लिए 10 नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनी शुरुआत के साथ ही गोरखपुर-लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को प्रयागराज तक विस्तार किया। देश में माल परिवहन की सुगमता के लिए डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की माल गाड़ियों को हरी झंडी भी दिखाई गयी। ‘विकसित भारत’ के नवनिर्माण को विस्तार देतीं इन सौगातों के लिए प्रधानमंत्री जी का आभार।
बयान के मुताबिक कार्यक्रम के दौरान मोदी ने कहा कि आज विकसित भारत की दिशा में देश ने एक बहुत बड़ा कदम उठाया है तथा इस कार्यक्रम में एक लाख करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास हुआ है। उनका कहना था कि इसमें भी 85 हजार करोड़ रुपए से अधिक के सिर्फ रेलवे के ‘प्रोजेक्ट’ देश को मिले हैं।
मोदी ने कहा कि जनभावनाओं का ध्यान रखते हुए केंद्र सरकार वंदे भारत ट्रेनों की संख्या के साथ ही इनके मार्ग का भी विस्तार कर रही है तथा इसी क्रम में गोरखपुर-लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस अब प्रयागराज तक जाएगी। उन्होंने साथ ही यह भी कहा कि इस बार तो कुंभ का मेला होने वाला है तो इसका और भी महत्व बढ़ जाएगा। इसके अलावा मोदी ने अयोध्या जा रही आस्था स्पेशल ट्रेनों का भी जिक्र किया।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ‘विरासत भी और विकास भी’ के मंत्र को आत्मसात करते हुए आस्था से जुड़े हुए पर्यटन को भी बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि आज देश में रामायण सर्किट, गुरुकृपा सर्किट, जैन यात्रा पर भारत गौरव ट्रेनें चल रही हैं, यही नहीं, आस्था स्पेशल ट्रेन तो देश भर से रामभक्तों को अयोध्या तक ले जा रही हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि अब तक करीब 350 आस्था ट्रेन चली हैं और इसके माध्यम से 4.5 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने श्रीराम लला के दर्शन किए हैं। (एजेंसी)
Source Agency News







Visit Today : 83
Total Visit : 277738
Hits Today : 1426
Total Hits : 696537
Who's Online : 4