Wednesday, March 25, 2026

अन्य खबरे, उत्तर प्रदेश

UP News | बदायूं: अदालत में पेश किया गया डबल मर्डर का दूसरा आरोपी |

UP News | बदायूं: अदालत में पेश किया गया डबल मर्डर का दूसरा आरोपी |

Badaun Double Murder, Uttar Pradesh

बदायूं: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के सिविल लाइंस स्थित बाबा कॉलोनी में दो बच्चों की हाल में हुई हत्या मामले के एक आरोपी को शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया। पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि मंगलवार देर शाम बाबा कॉलोनी में दो बच्चों की हत्या हुई थी और इस मामले के आरोपी जावेद ने बृहस्पतिवार शाम बरेली के बारादरी क्षेत्र स्थित सैटेलाइट पुलिस चौकी में आत्मसमर्पण कर दिया था।

सूत्रों ने बताया कि उसे बदायूं लाकर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया। उन्होंने बताया कि मजिस्ट्रेट मोहम्मद साजिद ने जावेद की पत्रावली का अवलोकन करने के बाद उसे जेल भेज दिया। उन्होंने बताया कि इस मामले में पुलिस जल्द ही जावेद को पूछताछ के लिए हिरासत में लेने के लिए अदालत से आग्रह कर सकती है। बच्चों की हत्या का एक अन्य आरोपी साजिद वारदात के कुछ घंटे बाद ही पुलिस के साथ ‘मुठभेड़’ में मारा जा चुका है।

गौरतलब है कि साजिद नामक व्यक्ति ने अपने भाई जावेद के साथ मंगलवार शाम बाबा कॉलोनी स्थित एक घर में घुसकर तीन नाबालिग भाइयों- आयुष (12), अहान उर्फ हनी (आठ) और युवराज (10) पर चाकू से हमला किया था। इस वारदात में आयुष और अहान की मौत हो गई थी जबकि युवराज गंभीर रूप से घायल हो गया था। मृतक बालकों के पिता विनोद कुमार की शिकायत पर दर्ज प्राथमिकी के मुताबिक साजिद ने उसकी पत्नी संगीता से अपनी पत्नी के प्रसव के लिए पांच हजार रुपये मांगे थे।

कुमार के अनुसार जब वह पैसे लेने अंदर गई तो साजिद घर की छत पर चला गया, जावेद भी छत पर पहुंच गया जिसके बाद दोनों ने उसके बेटों को भी छत पर बुलाया और तीनों बच्चों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हत्या के कुछ घंटे बाद ही आरोपी साजिद (22) पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारा गया था। (एजेंसी)

Source Agency News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *