बरेली में मिनी बाइपास के विपिन चौराहे पर स्थित एयू फिटनेस जिम के मालिक अभय उपाध्याय, ट्रेनर शोएब और चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ इज्जतनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। उन पर विवाहिता का अपहरण करने और उसके भाई पर हमला करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी जिम मालिक को हिरासत में ले रखा है। ट्रेनर की तलाश की जा रही है।
फतेहगंज पश्चिमी कस्बा निवासी युवक ने इज्जतनगर थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह को बताया कि एयू फिटनेस जिम का ट्रेनर शोएब उनकी विवाहित बहन को फुसलाकर ले गया था। 15 दिन से वह लोग उसे ढूंढ रहे थे। बहन की ससुराल मैनपुरी में भी पुलिस से शिकायत की थी। उनके बहनोई गुरुग्राम में नौकरी करते हैं तो वहां की पुलिस से भी संपर्क किया था, लेकिन उसका सुराग नहीं लग रहा था। वह बरेली के मिनी बाइपास स्थित जिम में काम कर रही थी।
यह भी पढ़ें- UP: बरेली में दूसरे समुदाय के युवक ने प्रेमिका के भाई को पीटा, हिंदू संगठनों का हंगामा, भीड़ ने बाइक तोड़ी
इंस्टाग्राम पर अपलोड की गई इसी जिम की एक रील में वह दिखाई दी। युवक ने बताया कि वह अपनी बहन को लेने जिम पर गया। वह वहां मिल भी गई। जब वह बहन को जिम से ले जाने लगे तो वहां मौजूद जिम मालिक अभय उपाध्याय और ट्रेनर शोएब ने उनकी पिटाई कर दी। अभय ने युवक के मुंह पर मुक्के मारे। सीढ़ियों से उसे नीचे फेंक दिया और नीचे आकर हेलमेट से मारा। पिटाई के दौरान दोनों के साथ जिम के चार अज्ञात सदस्य भी थे। इज्जतनगर थाना प्रभारी ने बताया कि दो नामजद समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।