कान्हा की नगरी मथुरा अपने लल्ला के स्वागत को तैयार है। श्री कृष्ण जन्मभूमि मंदिर ही नहीं अपितु पूरी नगरी को भव्य तरीके से सजाया गया है। रंग बिरंगी लाइटों से मथुरा नगरी जगमगा रही है। अपने कान्हा के स्वागत को देश ही नहीं विदेशों से भी श्रद्धालु पहुंचे हैं। श्रद्धालु भजन कीर्तन में मस्त हैं। वह कीर्तन गाते हुए मस्ती में झूम रहे हैं।
तीर्थनगरी मथुरा में आनंद और उल्लास में डूबे भक्त, भूख प्यास को भूलकर आराध्य के जन्म की प्रतीक्षा में सोमवार मध्यरात्रि घड़ी की टिक-टिक करती सुइयों को व्याकुलता से निहार रहे थे। रात्रि 12 बजे घड़ी की दोनों सुइयों का संगम होते ही भाद्रपद की कृष्ण पक्ष की अष्टमी पर ब्रज में कान्हा के जन्म का उद्घोष हो गया।
नटवर नागर के जन्मोत्सव के लाखों श्रद्धालु साक्षी बने। अजन्मे के जन्म पर मंत्रोच्चारण के बीच शंखनाद हुआ, तो मानो ब्रज की लता-पता भी झूम उठीं। देवकीनंदन के जन्मोत्सव पर मानो ब्रज का कण-कण धन्य हो गया। गोकुल सहित पूरे ब्रज के मंदिरों में प्रगट भये गोपाला… और बधाई गीतों से माहौल भक्तिमय हो गया।
इससे पहले शाम को कान्हा के स्वागत में श्रीकृष्ण जन्म महोत्सव समिति द्वारा नगर में धूमधाम से भगवान श्रीकृष्ण की भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में शामिल आकर्षक झांकियों के दर्शन कर भक्तजन मंत्रमुग्ध होकर नाचने लगे। इसका जगह-जगह भक्तों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
शोभायात्रा में भरतपुर गेट से शुरू होकर होलीगेट, छत्ता बाजार, असकुंडा बाजार, विश्राम घाट, चौक बाजार, मंडी रामदास, डीगगेट से होकर श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुख्य द्वार पर संपन्न हुई। इसमें झांकियों के आगे-आगे सजेधजे ऊंट, घोड़ा चल रहे थे।
भगवान गणेश की झांकी के पीछे यमुना महारानी, लड्डू गोपाल की झांकी आकर्षक का केंद्र रही। इन झांकियों के मध्य बैंड-बाजे एवं ढोल नगाड़े की धुन पर भक्तजन नाचते-झूमते चल रहे थे। राधे-राधे संकीर्तन मंडल, केशव देव भगवान की झांकियों ने भक्तों का मन मोह लिया।
Source Agency News








Visit Today : 11
Total Visit : 285129
Hits Today : 30
Total Hits : 738933
Who's Online : 4