
बीजेपी कार्यकर्ता प्रचार करते हुए (फोटो: पीटीआई)
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में दूसरे चरण के चुनाव में शुक्रवार को पश्चिम उत्तर प्रदेश और ब्रज क्षेत्र की आठ लोकसभा सीटों पर वोट डाले जाएंगे। दूसरे चरण की इन आठ सीटों पर विपक्षी इंडिया गठबंधन की असली परीक्षा होगी। इस चरण की आठ सीटों में गठबंधन की ओर से चार-चार सीटों पर समाजवादी पार्टी व कांग्रेस के प्रत्याशी मैदान में हैं। वहीं सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सामने पिछले चुनाव में जीती गयी आठ में से सात सीटें बचाने की चुनौती है।
उत्तर प्रदेश में दूसरे चरण का मतदान शुक्रवार को प्रदेश की आठ सीटों अलीगढ़, अमरोहा, बागपत, बुलंदशहर, मथुरा, मेरठ, गाजियाबाद एवं गौतम बुद्ध नगर (नोएडा) में होगा। इनमें 2019 के लोकसभा चुनाव में अमरोहा को छोड़ 7 सीट भाजपा ने जीती थी। इस बार भाजपा ने गाज़ियाबाद, बागपत और मेरठ से अपना पिछला उम्मीदवार बदल दिया है। इस बार के लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) से भाजपा गठबन्धन के चलते बागपत सीट रालोद के खाते में है। वहीं इंडिया गठबन्धन में बुलंदशहर, मथुरा, गाज़ियाबाद और अमरोहा सीट काँग्रेस के खाते में है।
दूसरे चरण में जिन सीटों में शुक्रवार को मतदान होना है उनमें अमरोहा लोकसभा सीट 2019 में बहुजन समाज पार्टी के दानिश अली ने जीती थी, जो इस बार कांग्रेस के टिकट पर लड़ रहे हैं। वहीं भाजपा से कंवर सिंह तंवर और बसपा से मुजाहिद हुसैन सहित कुल 12 प्रत्याशी मैंदान में हैं। इस सीट पर 2019 के चुनाव में 71.04 फ़ीसदी वोट पड़े थे।
मेरठ लोकसभा सीट 2019 में भाजपा के राजेंद्र अग्रवाल ने जीती थी जिनकी जगह इस बार रामानंद सागर के रामायण सीरियल में राम बन चुके अरुण गोविल को उतारा गया है, जबकि सपा से सुनीता वर्मा तो बसपा से देवव्रत त्यागी मैदान में हैं। मेरठ में 2019 के चुनाव में 64.18 फ़ीसदी वोटिंग हुयी थी।
बागपत में 2019 में मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर रहे भाजपा के सत्यपाल सिंह जीते थे। इस बार गठबंधन के तहत यहां से रालोद के राजकुमार सांगवान, सपा के अमरपाल शर्मा व बसपा के प्रवीण बंसल सहित सात प्रत्याशी मैदान में हैं। पिछले चुनाव में यहां 58.87 फीसदी वोट पड़े थे।
गाजियाबाद में इस बार भाजपा ने अपने वर्तमान सांसद जनरल वीके सिंह का टिकट काट अतुल गर्ग को खड़ा किया है, जिनके मुकाबले कांग्रेस से डॉली शर्मा और बसपा से नंद किशोर पुंडीर सहित 14 उम्मीदवार मैदान में हैं। इस सीट पर 2019 में 62.16 फीसदी वोट पड़े थे।
नोयडा सीट पर भाजपा के टिकट पर हैट्रिक बनाने महेश शर्मा मैदान में है तो उनके सामने सपा के महेंद्र नागर और बसपा के राजेंद्र सिंह सोलंकी हैं। पिछले चुनाव में इस सीट पर 62.52 फीसदी मतदान हुआ था। बुलंदशहर में भी भाजपा के भोला सिंह तीसरी बार सांसद बनने के कांग्रेस के शिवराम वाल्मीकि और बसपा के गिरीश जाटव से मुकाबला कर रहे हैं। यहां 2019 के चुनाव में 60.47 फीसदी मतदान हुआ था।
अलीगढ़ में भाजपा के सतीश गौतम के खिलाफ सपा से चौधरी बिजेंदर सिंह व बसपा से हितेश उपाध्याय बंटी सहित 14 उम्मीदवार लड़ रहे हैं। यहां 2019 में महज 51.98 फीसदी वोट पड़े थे। मथुरा में हैट्रिक बनाने उतरी हेमा मालिनी के खिलाफ कांग्रेस के मुकेश धनगर व बसपा के सुरेश सहित 15 प्रत्याशी लड़ रहे हैं। मथुरा में 2019 में 52.08 फीसदी मत पड़े थे।
उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिनवा ने बताया कि शुक्रवार को 8 लोकसभा क्षेत्रों के 7797 मतदान केंद्रों के 17,698 मतदेय स्थलों पर वोट डाले जाएंगे। उन्होंने बताया कि 9 जिलों मथुरा, अलीगढ़, बागपत, गौतमबुद्धनगर व गाजियाबाद के अन्तर्राज्यीय सीमा पर 79 बैरियर स्थापित कर अनवरत सघन चेकिंग करायी जा रही है। दूसरे चरण से सम्बन्धित उक्त जिलों में 251 फ्लाइंग स्क्वायड टीम, 288 स्टेटिक सर्विलांस टीम तथा 32 क्यूआरटी टीम का गठन कर निरंतर चौकसी, सतर्कता तथा चेकिंग की कार्यवाही की जा रही है।
Source Agency News








Visit Today : 104
Total Visit : 277851
Hits Today : 1364
Total Hits : 697994
Who's Online : 5