
लखनऊ: छिटपुट झड़पों, मत डालने से रोकने के आरोपों और राजनीतिक दलों के आरोपों-प्रत्यारोपों के बीच लोकसभा चुनावों के चौथे चरण में उत्तर प्रदेश की 13 लोकसभा सीटों पर सोमवार को मतदान हुआ। मौसम में सुधार और गर्मी में मामूली कमी के चलते पहले के तीन चरणों के मुकाबले इस बार के मतदान में जरूर वृद्धि देखी गयी। शाम पांच बजे तक ही खीरी, धौरहरा, सीतापुर और कन्नौज में मतदान 60 फीसदी या उससे अधिक हो चुका था।
अंतिम आंकड़े आने तक मतदान में और भी अधिक वृद्धि की उम्मीद है। चौथे चरण में कन्नौज, फर्रुखाबाद, खीरी सहित कई लोकसभा सीटों पर हंगामे, पुलिस के साथ झड़प की खबरें आईं। कन्नौज में समाजवादी पार्टी मुखिया खुद चुनाव लड़ रहे हैं और उन्होंने सुबह ही मतदान में धांधली का आरोप लगा दिया था। दोपहर बाद भाजपा ने भी कन्नौज में सपा के कार्यकर्ताओं के बूथों पर कब्जा करने और पीठासीन अधिकारियों का उनका साथ देने का आरोप लगाया।
हालांकि चुनाव आयोग ने कन्नौज में किसी तरह की धांधली की खबरों को असत्य करार दिया। खीरी में महिला मतदाता ने वोट किसी और को और वीवीपैट में किसी और की पर्ची देखने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। बाद में जिला प्रशासन ने महिला के ही हवाले से इसे भी गलत बताया।
फर्रुखाबाद में गांव वालों ने अधिकारियों व पुलिस पर मतदान से रोके जाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। कन्नौज में मतदान में गड़बड़ियों की सूचना मिलने पर अखिलेश यादव यहां लखनऊ से पहुंच गए और बूथों का दौरा किया। कानपुर में पत्नी को रोके जाने को लेकर भाजपा के जिलाध्यक्ष की पुलिस से कहासुनी हुई।
उत्तर प्रदेश में 13 लोकसभा सीटों पर शाम 5 बजे तक 56.35 फीसदी मतदान हो चुका था। इनमें अकबरपुर में 55.22, बहराइच 55.97 फीसदी, धौरहरा 62.72 में फीसदी, इटावा 54.35 फीसदी, फर्रुखाबाद 56.93 फीसदी और हरदोई में 55.73 फीसदी मतदान हुआ था। वहीं कन्नौज में 59.05 फीसदी, कानपुर में 50.91 फीसदी, खीरी में 62.75 फीसदी, मिश्रिख 54.37 फीसदी, शाहजहांपुर 51.52 फीसदी, सीतापुर में 60.90 फीसदी और उन्नाव में 53.97 फीसदी मतदान हुआ।
सोमवार को प्रदेश में शाहजहांपुर, खीरी, धौरहरा, सीतापुर, हरदोई, मिश्रिख, उन्नाव, इटावा, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर, अकबरपुर और बहराइच लोकसभा सीटों पर वोट डाले गए। उसके साथ ही उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले की ददरौल विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए भी मतदान हुआ। इस चरण की 13 लोकसभा सीटों में से पांच शाहजहांपुर, हरदोई, मिश्रिख, इटावा और बहराइच अनुसूचित जाति के आरक्षित थी।
source Agency News








Visit Today : 45
Total Visit : 273128
Hits Today : 563
Total Hits : 676164
Who's Online : 1